बीदासर। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपखंड कार्यालय के बाहर दिनभर समर्थकों की भीड़ रही और कई प्रत्याशी समर्थकों के साथ रैली के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे।

निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अमीलाल यादव ने बताया कि नामांकन के पहले दिन कुल 5 प्रत्याशियों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें चार प्रत्याशी राजनीतिक दलों से हैं, जबकि दो नामांकन निर्दलीय के रूप में दाखिल किए गए।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 4 से जीतेन्द्र सिंह ने आरएलपी प्रत्याशी, वार्ड नंबर 21 से गिरधारी सिंह राजपुरोहित ने भाजपा प्रत्याशी के साथ निर्दलीय के रूप में भी, वार्ड नंबर 22 से सुशीला ने कांग्रेस प्रत्याशी तथा वार्ड नंबर 23 से महबूब ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड नंबर 33 से अजय सीमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही बीदासर में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क शुरू कर मतदाताओं से समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। आगामी दिनों में नामांकन के साथ चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।
